योगी सरकार ने शनिवार को कोरोना वायरस के यूपी में बढ़ते मामलों को लेकर कई बड़े फैसले लिए
*UP CM Yogi Adityanath*
नई दिल्ली।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शनिवार को कोरोना वायरस के यूपी में बढ़ते मामलों को लेकर कई बड़े फैसले लिए। उन्होंने ऐलान किया कि राज्य के पंजीकृत मजदूरों को 1 हजार रुपए दिए जाएंगे। श्रमिकों के लिए योगी ने मदद की घोषणा की है जिसके तहत 20 लाख 37 हजार लोगों को एक एक हजार रूपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ठेला, खोमचे वाले 15 लाख लोगों को भी सरकार एक-एक हजार रूपए देगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में मजदूरों, गरीबों के लिए तत्काल खाद्यान्न मुहैया कराया जाए।
योगी ने कहा कि जो भी परिवार किन्ही वजहों से सूची में छूटे हैं, जिलाधिकारी उनको तत्काल एक-एक हज़ार रुपए दिलाएंगे। उन्होंने अपील की, घबराएं मत, व्यापारी जमाखोरी ना करें। हमारे पास पर्याप्त खाद्यान्न हैं। भीड़ भाड ना करें, संक्रमण ना होने दें। दुकानों में लाइन ना लगाएँ। जो ज़रूरी हो वहीं लेने जाएं किसी भी चीज़ की क़िल्लत नहीं होने देंगे, अनावश्यक जमा करने की प्रवृत्ति से बचिए। दिहाड़ी मजदूरों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना वायरस के दुष्प्रभाव के चलते दिहाड़ी मजदूर भाई-बहनों को परिवार के भरण-पोषण में समस्या न हो, इसके लिए राज्य सरकार ने 1000 रुपए की धनराशि मजदूर भाई-बहनों के बैंक खाते में सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। योगी सरकार ने 1 करोड़ 65 लाख 31 हजार परिवारों को एक महीने का अनाज दिया जाएगा। अंत्योदय और मनरेगा मजदूरों को भी अनाज दिया जाएगा।
